हम सभी जानते हैं कि पानी हमारे शरीर के लिए बहुत जरूरी है। हमारे शरीर में लगभग 70% पानी होता है। इसीलिए स्वस्थ रहने के लिए हमें प्रतिदिन 8-10 गिलास पानी जरूर पीना चाहिए।
लेकिन क्या आप जानते हैं कि रोज सुबह खाली पेट 1-2 गिलास हल्का गर्म पानी पीने से आप कई तरह की बीमारियों से अपने शरीर को दूर रख सकते हैं।
हममें से ज्यादातर लोग अपने दिन की शुरूआत चाय या कॉफी के साथ करना पसंद करते हैं। लेकिन सुबह उठते ही चाय या कॉफी पीने से आपको कब्ज, पेट दर्द, गैस, मुहांसे जैसी कई समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है।
इसलिए हमेशा अपने दिन की शुरुआत हल्के गर्म पानी से करें। सुबह खाली पेट हल्का गर्म पानी पीने से शरीर के अंदर जमा जहरीले तत्व बाहर निकल जाते हैं। जिससे हमारे पूरे शारीरिक सिस्टम में सुधार आता है। साथ ही ये आपको कब्ज के साथ-साथ पेट संबंधी कई बीमारियों से भी बचाता है। इसके अलावा भी गर्म पानी पीने के कई फायदे हैं।
तो चलिए आज हम आपको सुबह खाली पेट हल्के गर्म पानी पीने के फायदों के बारे में बताते हैं।
Quick Tips-
- सुबह खाली पेट हल्के गर्म पानी पीने के हैं अनेकों फायदे।
- शरीर के विषैले तत्वों को बाहर कर हमें रखता है दुरुस्त।
- पेट की समस्याओं जैसे कब्ज और गैस आदि को रखता है दूर।
- हमारी त्वचा को मुलायम और चमकदार बनाने में है मददगार।
- साथ ही हमें कई गंभीर बीमारियों से भी बचाता है गर्म पानी।
वजन और मोटापा कम करने में सहायक-
रोज सुबह खाली पेट हल्का गर्म पानी पीने से शरीर में जमा वसा समाप्त होती है। इसीलिए इससे वजन और मोटापा नियंत्रित रहता है। ये आपके शरीर में जमा अतिरिक्त चर्बी को निकाल देता है। अगर आपका वजन और मोटापा लगातार बढ़ रहा है तो आप गर्म पानी में शहद और नींबू मिलाकर पिएं। इससे आप जल्दी से अपना वजन और मोटापा कम कर सकते हैं।
मौसमी बीमारियों से बचाये-
ये हमें मौसम बदलने पर होने वाली समस्याओं जैसे सर्दी-जुकाम, बुखार आदि से भी बचाता है। साथ ही इससे छाती में जकड़न और कफ आदि से भी राहत मिलती है। बुखार में प्यास लगने पर ठंडे पानी की जगह हल्का गर्म पानी पीना काफी फायदेमंद साबित होता है।
रक्तचाप को रखे नियंत्रित-
शरीर में खून का संचार सही से होना बहुत जरूरी है। इसके लिए हल्का गर्म पानी पीना बहुत फायदेमंद होता है। ये हमारे शरीर में मौजूद विषाक्त पदार्थों को बाहर निकालता है। जिससे हमारा ब्लड सर्कुलेशन नियमित रहता है। रक्तचाप ठीक रहने से हम कई तरह की बीमारियों से दूर रह सकते हैं। साथ ही ये आपके पाचनतंत्र को मजबूत बनाता है और कई रोगों से लड़ने की क्षमता प्रदान करता है।
पेट को दुरुस्त रखे हल्का गर्म पानी-
गर्म पानी से सबसे ज्यादा फायदा हमारे पाचनतंत्र को मिलता है। सुबह खाली पेट हल्का गर्म पानी नियमित रूप से पीने से पाचन शक्ति ठीक रहती है। इससे पेट अच्छी तरह से साफ हो जाता है। और हमारा शरीर पोषक तत्वों को आसानी से ग्रहण कर पाता है।
इसके अलावा जिन्हें भूख नहीं लगती है, उन्हें 1 गिलास गर्म पानी में काली मिर्च, नमक और नींबू का रस डालकर पियें। ऐसा कुछ दिनों तक नियमित रूप से करने से भूख बढ़ती है।
झुर्रियों, मुहांसों को हटाकर त्वचा को निखारे-
आजकल झुर्रियों और मुहांसों की समस्या एक आम बात है। सुबह गर्म पानी पीने से हमें झुर्रियों और मुहांसों आदि से भी राहत मिलती है। ये हमारे शरीर में मौजूद विषैले तत्वों को बाहर निकालता है। तथा इससे शरीर में नई मासपेशियों और कोशिकाओं का निर्माण होता है। जिससे हमारी त्वचा और चमकदार बनती है।
पीरियड्स में दर्द से दिलाये राहत-
मासिक धर्म यानी कि पीरियड्स के दौरान महिलाओं को अक्सर पेट दर्द की समस्या होती है। ऐसे में 1 गिलास गुनगुना पानी पीने से इस दर्द से राहत मिलती है। इसके अलावा इस दौरान गर्म पानी से पेट की सिकाई करने से भी काफी लाभ होता है।
बालों के लिए भी है फायदेमंद-
हल्का गर्म पानी बालों के लिए भी फायदेमंद साबित होता है। ये बालों को जड़ों से मजबूत बनाता है। जिससे बालों के टूटने और झड़ने की समस्या से छुटकारा मिलता है। साथ ही ये बालों को उगने में भी मदद करता है।
नोट- यहां पर दी गई जानकारी केवल एक सलाह के तौर पर है। हम इनमें से किसी भी उपचार को आजमाने के लिए आप पर किसी प्रकार का कोई भी दबाब नहीं बना रहे हैं। अतः आपसे निवेदन है कि किसी भी उपचार को अपनाने से पहले किसी डॉक्टर अथवा विशेषज्ञ से परामर्श अवश्य लें।