बचपन से ही हम सभी को सिखाया जाता है कि व्यायाम करना हमारे स्वास्थ्य के लिए अच्छा होता है।
हालांकि आज भी बहुत सारे लोग ऐसे हैं जो इस बात का पालन नहीं करते हैं। नतीजतन ये लोग अपने स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करते हैं और चिकित्सक इन्हें कसरत या कोई फिजिकल एक्टिविटी करने की चेतावनी भी देते हैं।
इनमें से कई लोग तो ऐसे होते हैं जो कुछ दिन वर्कआउट करने के बाद इसको छोड़ देते हैं। लेकिन आपको शायद ये पता नहीं होगा कि अचानक से वर्कआउट छोड़ देने पर आपको कई परेशानियों का सामना करना पड़ सकता है।
क्या आपने कभी सोचा है कि जब आप व्यायाम नहीं करेंगे तो आपके शरीर में क्या क्या परिवर्तन आते हैं? अगर नहीं तो चलिए हम आपको इसके बारे में बताते हैं।
मेटाबोलिज्म कमजोर हो जाना-
मेटाबोलिज्म यानी कि चयापचय भोजन को ऊर्जा में परिवर्तित करने की प्रक्रिया है जिसके द्वारा आपका शरीर जो भी खाता है, मेटाबोलिज्म उसको ऊर्जा में बदलता है।
इस जटिल बायोकेमिकल प्रक्रिया से आपके शरीर को कार्य करने की क्षमता प्राप्त होती है। एक्सरसाइज छोड़ने के बाद हमारा मेटाबोलिज्म कमजोर हो जाता है। जिसके कारण हमारा शरीर खाना अच्छे से पचा नहीं पाता है और ना ही उसके पोषक तत्वों को पूरी तरह से ग्रहण कर पाता है।
शारीरिक संरचना में बदलाव और मोटापा-
वर्कआउट छोड़ने के 2-3 सप्ताह के अन्दर ही आपकी शारीरिक संरचना में बदलाव होने लगता है और आप दिन पे दिन मोटे होते चले जाते हैं।
ऐसा मांसपेशियों की कैलोरी कम जलने की वजह से और मेटाबोलिज्म के धीमें होने की वजह से होता है। लेकिन खान-पान पर थोड़ा नियंत्रण करके और जिम दोबारा आरम्भ करके इस पर काबू पाया जा सकता है।
सुस्त मस्तिष्क प्रतिक्रिया-
नियमित व्यायाम करना हमारे दिमाग के स्वास्थ्य के लिए काफी अच्छा होता है। नियमित व्यायाम हमारे दिमाग में ऑक्सीजन युक्त रक्त के प्रवाह को बढ़ा देता है और शरीर की लगभग हर कोशिका में तंत्रिका संकेत को मजबूत करता है।
लेकिन शारीरिक गतिविधि की अनुपस्थिति में ये पूरी प्रक्रिया सुस्त हो जाती है क्योंकि दिमाग में ऑक्सीजन युक्त रक्त की आपूर्ति पूरी नहीं हो पाती है।
हड्डियों और मांसपेशियों का कमजोर हो जाना-
व्यायाम के अभाव में मांसपेशियों और हड्डियों में कमजोरी आने लगती है। एक्सरसाइज बंद कर देने से हड्डियों में कैल्शियम को अवशोषित करने की क्षमता घट जाती है और हड्डियां और मांसपेशियां कमजोर होने लगती हैं।
रक्तचाप का अनियमित हो जाना-
एक्सरसाइज ना करने के कारण हमारे रक्त में कोलेस्ट्रॉल की मात्रा बढ़ जाती है। साथ ही व्यायाम ना करने से अनियमित रक्तचाप और अत्यधिक मामलों में दिल का दौरा भी हो जाता है।
तनाव और डिप्रेशन होना-
शारीरिक गतिविधि की अनुपस्थिति में आपका मस्तिष्क को पर्याप्त ऑक्सीजन नहीं मिल पाती है जो तनाव और डिप्रेशन का कारण बनता है। लेकिन फिटनेस जीवन शैली को गले लगाने से इसको नियंत्रित किया जा सकता है।
दिल से जुड़ी बीमारियां होना-
एक्सरसाइज बंद कर देने से आपको दिल से जुड़ी बीमारियां भी हो सकती हैं। हालांकि व्यायाम दोबारा शुरू करके इनसे बचा जा सकता है।